Friday, November 23, 2018

मिताली को आखिरी-11 में नहीं रखने का मलाल नहीं

महिला टी-20 विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में भारत इंग्लैंड से आठ विकेट से हार गया। भारतीय टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकामयाब रही। ओपनर्स में स्मृति मंधाना ने तो 34 रन बनाए, लेकिन तानिया भाटिया 11 रन ही बना पाईं। उसका मध्यक्रम भी ढह गया। टीम के आखिरी सात विकेट महज 23 रन के स्कोर पर गिर गए। इस मैच में मिताली राज को आखिरी-11 में शामिल नहीं किया गया। कप्तान हरमनप्रीत कौर के इस फैसले की सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हो रही है। हालांकि, हरमनप्रीत का कहना है कि उन्हें अपने फैसले पर कोई मलाल नहीं है।

हरमनप्रीत के फैसले पर नासिर और संजय मांजरेकर ने भी उठाए थे सवाल
टॉस के बाद हरमनप्रीत ने कहा था, 'मिताली की फिटनेस को लेकर कोई समस्या नहीं है। हम बस विनिंग कॉम्बिनेशन के साथ खेलना चाहते थे।' उनके इस फैसले पर इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन और टीम इंडिया के पूर्व टेस्ट क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने भी सवाल उठाए थे।'

मैच के बाद प्रेस वार्ता में हरमनप्रीत ने कहा, 'हमने जो भी फैसला किया। वह टीम के लिए किया। कभी ऐसे फैसले सही होते हैं और कभी नहीं। मुझे अपने इस फैसले पर कोई मलाल नहीं है। हमारी खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में जिस तरह का प्रदर्शन किया, मुझे उस पर गर्व है।'

उन्होंने कहा, 'हम युवा टीम हैं, इसलिए अभी हम सीखने की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। कई बार आपको अपने खेल में पिच को देखते हुए बदलाव करना होता है। इंग्लैंड की गेंदबाजों ने मैच में अच्छा प्रदर्शन किया। वे विकेट को सही तरीके से पढ़ पाईं।'

उन्होंने कहा, 'हमारी टीम में युवा और कम अनुभवी खिलाड़ी हैं। हमें अभी अपनी मानसिक मजबूती पर काम करना होगा। यदि हम दबाव में अच्छा खेलना जाएंगे तो बड़ा बदलाव कर पाएंगे और सीख पाएंगे कि इस तरह के मैचों में हमें कैसे खेलना है।'

इंग्लैंड की कप्तान हीथर नाइट ने कहा कि पॉवरप्ले के दौरान जब स्मृति मंधाना बहुत तेज खेल रही थीं, तब हम थोड़ा चिंतित थे, लेकिन स्पिनर क्रिस्टी गोर्डन और सोफी एल्केस्टोन मैच में हमें वापस ले आईं। क्रिस्टी ने 20 और एल्केस्टोन ने 22 रन देकर 2-2 विकेट लिए।

उन्होंने कहा, 'पॉवरप्ले में मैच हमारे हाथ से निकल गया था, लेकिन स्पिनर्स ने वाकई में बहुत बढ़िया गेंदबाजी की। क्रिस्टी ने अपने पहले दौरे पर शानदार प्रदर्शन किया। सोफी ने भी पिछले साल की तरह इस बार भी उम्मा गेंदबाजी की।'

नाइट ने कहा कि वे अपनी ओपनर की फॉर्म को लेकर चिंतित नहीं हैं, क्योंकि सेंट लूसिया में बल्लेबाजी के लिए परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण थीं। इंग्लैंड की दोनों सलामी बल्लेबाज डेनियल वॉट और टैमी बीमोंट टॉप-20 स्कोरर्स में भी शामिल नहीं हैं।

No comments:

Post a Comment